बैंगन का भर्ता : स्पेशल बिहारी रेसिपी
बैंगन के ढ़ेर सारे लजीज व्यंजनों में भर्ता का सबसे महत्वपूर्ण स्थान है।बैंगन का भर्ता यदि हेल्दी और टेस्टी दोनो गुणों से भरपूर हो तो क्या आप इस नुस्खे को आजमाना चाहेंगे?आज हम लाये हैं खांटी बिहार स्टाईल बैंगन की मजेदार चोखा रेसिपी विद सीक्रेट टिप्स।विदेशों तक मशहूर लिट्टी-चोखा' का 'चोखा' दरअसल यही बैंगन भर्ता है।
साधन/ उपकरण : गैस चूल्हा या अंगीठी, चाकू, रोस्टिंग स्टैंड, चम्मच, कटोरी, गमला।
समय : 20 से 25 मिनट ।
विधि : सारे बैंगन अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पोंछ ले। प्रत्येक बैंगन के बीच वाले उभरे हिस्से पर चार तरफ से 1 इंच लंबे चीरे लगाएं। प्रत्येक चीरे में लहसुन की एक एक कली घुसा दे। अब सरसों का तेल बैंगन पर अच्छी तरह लगाएं। गैस स्टोव जलाएं और मध्यम फ्लेम रखते हुए जाली या रोस्टिंग स्टैंड पर बैंगन और टमाटर रखकर रोस्ट करें। इस दौरान चिमटे या चाकू की मदद से बैंगन व टमाटर को थोड़े थोड़े समय अंतराल पर पलटते और घुमाते रहे ताकि हर तरफ समान रूप से पके। अच्छी तरह पकने में लगभग 5 से 7 मिनट लगते हैं। टमाटर पहले पक जाते हैं इन्हें पहले ही देख कर हटा ले। बैंगन में पतली धातु की सीक डालकर जांच करें कि अच्छी तरह आसानी से घुसता है या नहीं। जब लगे की बैगन पूरी तरह पक चुके हैं तो गैस बंद कर दें। 3 से 4 मिनट ठंडा होने के लिए छोड़ें। तब तक टमाटर को सावधानी से पील कर ले। फिर बैंगन की जली हुई परत को सावधानी से अलग कर ले इसके लिए हाथ की उंगलियों का प्रयोग करें। डंठल भी हटा दें। अदरक, हरी मिर्च और धनिया पत्ता को बारीक काट लें। बचे हुए लहसुन की कलियों को पील कर बारीक काट लें। चौड़ी प्लेट में पके हुए बैंगन बारी बारी से रखकर चाकू से अच्छी तरह कट करते हुए बारीक करें। इसी प्रकार टमाटर को भी चाकू से बारंबार काटते हुए खूब बारीक कर ले। अब इस सामग्री को बड़ी कटोरी या गमले में डालें। अदरक, हरी मिर्च, लहसुन की कटी हुई सामग्री मिलाएं।नमक स्वादानुसार और करू तेल 10ml डालें।चने का दो चम्मच सत्तू भी मिलाएं।अच्छे से हाथ साफ कर पूरी सामग्री को मसलते हुए खूब मिलाएं। जब इस मिश्रण की कंसिस्टेंसी ढीली जेली जैसी हो जाए तब थोड़ा सा धनिया पत्ता भी मिला दे। यह इनग्रेडिएंट ऑप्शनल है उपलब्ध हो और आप पसंद करते हो तो मिलाएं अन्यथा नहीं। प्याज को बारीक काटें जैसा आप आमलेट के लिए काटते हैं। प्याज को पहले से नहीं मिलाएं। सर्व करने से पहले प्याज मिलाएं।
डिस्क्रिप्शन : इस प्रकार बनाए गए बैंगन के भरते का स्वाद तो अनोखा होता ही है स्वास्थ्य एवं पोषण की दृष्टि से भी लाभदायक है। इसकी सोंधी महक और स्वाद का मजा लेना है तो जल्द से जल्द बैंगन लायें और इसी तरीके से पकाएं। फर्क खुद महसूस करें।
किसके साथ परोसें : विभिन्न प्रकार के परांठे, रोटी, दाल-चावल और सबसे खास लिट्टी के साथ सर्व करें। सब उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
नोट : बैंगन के भरते में लाल मिर्च पाउडर, गोल मिर्च, गरम मसाला वगैरह का प्रयोग आयुर्वेद की दृष्टि से अनुकूल नहीं है। गैस, एसिडिटी, कॉन्स्टिपेशन, आहार नाल में जलन इत्यादि से बचना है तो 'चोखा मसाला फ्राई' ना बनाएं।
